पहले निगम अपनी व्यवस्थाएं सुधारे फिर जनता से ले टैक्स - शिवसेना




खंडवा- स्वच्छ एवं सुंदर हो खंडवा हमारा का नारा देने वाली खंडवा नगर निगम आम जनता को मूलभूत सुविधा देने में असमर्थ है। भीषण गर्मी में आम जनता को पानी के लिए भटकना पड़ा था और जनता को सड़कों पर आकर अपना आक्रोश व्यक्त करना पड़ा। शहर में जल व्यवस्था इस तरह गड़बड़ाई कि जिला कलेक्टर को धारा 144 लगाकर जल व्यवस्था बनाना पड़ी। इसी तरह के हालात सफाई व्यवस्था के भी बने हुए हैं। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। इसका भी टैक्स अलग से नगर निगम ले रही है। 200 रूपए जल टैक्स, डोर टू डोर टेक्स, संपत्ति कर जैसे मुंह मांगे टैक्स लेने के बाद भी निगम शहर के मतदाताओं को मूलभूत सुविधा देने में फेल है। उक्त टिप्पणी करते हुए शिवसेना प्रमुख गणेश भावसार ने कहा कि नगर निगम टैक्स वसूली के लिए शहरवासियों को नोटिस देकर लोक अदालत में बुला रही है। जब शहर के उपभोक्ताओं को बीजेपी शासित निगम द्वारा 5 वर्ष तक सड़क पानी, सफाई जैसी सुविधा नहीं दे पाई तो फिर कैसे टैक्स वसूली का नोटिस दिया जा रहा है। शिवसेना प्रमुख गणेश भावसार ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पहले निगम अपनी व्यवस्थाएं सुधारे उसके बाद ही आम जनता से मुंह मांगा टैक्स वसूले।