खंडवा- जो विश्व के समस्त लोगों के पापों के शमन के लिए सूली पर चढ़ गया ऐसा ईश्वर का पुत्र ख्रीस्तमस के दिन पैदा हुआ था। इसे प्रचलित रूप में क्रिसमस भी कहा जाता है। जिले में इसाई समुदाय ने क्रिसमस का पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना सभाओं में प्रभु यीशु मसीह के जन्म और संसार में आने के उद्देश्यों के बारे में समझाया गया। मानवता के संदेश को जीवन में अपनाने के संकल्प के साथ ही सभी ने एक दूसरे से गले मिलकर पर्व की खुशियां बांटी।
जिला मुख्यालय पर भी बुधवार को ख्रीस्त समाज द्वारा क्रिसमस का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुबह चर्च में विशेष प्रार्थना के बाद समाज के लोगों ने एक दूसरे को क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं दी। पर्व को लेकर बच्चों में खासा उत्साह रहा।
बीती रात कैथोलिक महागिरिजाघर में गोशाला की आशीष हुई। इसके बाद प्रभु यीशु की प्रतिमा को बिशप एएएस दुरईराज हाथों में लेकर चर्च में पहुंचे उनके साथ अन्य फ़ादर भी मौजूद थे। यहां प्रार्थना के बाद विशेष पूजा की गई, समाजजनों ने क्रिसमस की बधाई दी।
गिरजाघरों में भगवान यीशु की आकर्षक झांकियां भी बनाई गई। वहीं बिशप हाउस में ख्रीस्त जयंती के अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सभी समाज के धर्मगुरू, जनप्रतिनिधि, अधिकारी व गणमान्यजनों ने शामिल होकर क्रिसमस पर्व की शुभकामनाएं दी। क्रिसमस की शुभकामना देते हुए बिशप दुरईराज ने कहा कि खंडवा शांति का टापू है और यहां समाजजन मिलकर त्यौहारों को उत्साह के साथ मनाते हैं जो अपने आप में सद्भावना का सुंदर उदाहरण है। डा. दुरईराज ने बाईबिल के पाठ एवं संदेश की प्रस्तुति भी दी। मिलन समारोह में अतिथि के रूप में शामिल विधायक देवेन्द्र वर्मा ने सभी को क्रिसमस की शुभकामना देेते हुए कहा कि अनेकता में एकता यही भारत की विशेषता है। हमारे देश में अलग-अलग संप्रदाय के सामाजिक बंधु रहते हैं और सभी त्यौहारों को हम मिलजुलकर मनाते हैं यही भारतीय संस्कृति है। जब-जब भी भारत देश पर संकट आया तब-तब महापुरूषों ने जन्म लेकर भारत की आन-बान की सुरक्षा की।
मिलन समारोह में शामिल पूर्व मंत्री विधायक विजय शाह, महापौर सुभाष कोठारी, कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल, सीईओ रोशनसिंह, समाजसेवी सुनील जैन व मुनीश मिश्रा ने भी बिशप डा. दुरईराज को गुलदस्ता भेंट कर सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी।
पहली बार अलग-अलग प्रांतों से आई बालिकाएं मरियम बिहार, कविता राजस्थान, रनधिरा मप्र, अस्मिता उड़ीसा, माधुरी, सुकांति केरल, मेरी हस्धा पं. बंगाल, फिलोमिना असम, सोविता त्रिपुरा, संगीता छत्तीसगढ़, नीतू पंजाब, वंदन आंध्रप्रदेश ने कॉरोल गीत प्रस्तुति दी। ये बालिकाएं शीघ्र ही प्रशिक्षित होकर सिस्टर बनने वाली हैं।
कार्यक्रम में तंबोला खेल की प्रतियोगिता भी हुई जिसमें आरिफ शेख, सीईओ रोशनसिंह, ज्ञानी जसबीर सिंह राणा, अधिवक्ता श्री चौधरी, कमलेश हुमड़, पवन अग्रवाल, सरबजीत राजपाल, विजय आर पालीवाल को सांता एवं अतिथियों ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में धर्म गुरू पं. मदनमोहन दवे, ज्ञानी जसवीरसिंह राणा, निसार अली, बिशप डा. दुरईराज ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आयोजित कार्यक्रम में प्रमोद जैन, जगदीशचंद चौरे, जतिन पटेल, रणवीर चावला, समाजसेवी सुनील जैन, नारायण बाहेती, रज्जब अली, शांतनु दीक्षित, अरूण बाहेती, शैलेश पालीवाल, सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन फादर लाईजो जोन्स और फादर जयन ने किया। एवं आभार फादर बोबन ने माना।