खंडवा- मोटरसाइकिल से सफर करने का शौक एक युवक को इतना भाया कि उसने पांच देशों की यात्रा मोटरसाइकल से की। युवक ने 52 दिनों में 5 देशों की यात्रा की में लगभग 15000 किलोमीटर का सफर तय किया। युवक का कहना है कि इस सफर में वह जितने भी देशों में घुमा वहां के लोगों की हिंदुस्तान के प्रति सोच काफी पॉजिटिव है। वह लोग हिंदुस्तान को पसंद करते हैं। मोटरसाइकिल से सफर करने का उद्देश्य यही था कि वह अपना शौक भी पूरा करें और हिंदुस्तान की संस्कृति और सभ्यता को दुनिया से परिचय करवाएं।
खंडवा के रहने वाले युवक अर्पित अग्रवाल का शौक मोटरसाइकिल से दुनिया नापने का है। अपने पहले सफर में इस युवक ने मोटरसाइकिल से 5 देशों की यात्रा पूरी की। म्यानमार, थाईलैंड, मलेशिया, कंबोडिया और सिंगापुर की यात्रा करते हुए शुक्रवार अर्पित खंडवा पहुंचे। इस अवसर सेठी संस्था ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में आलोक सेठी, समाजसेवी सुनील जैन, अर्पित अग्रवाल के परिजनों व मित्रजनों के साथ गणमान्य नागरिकों ने अर्पित अग्रवाल का पुष्पमाला पहनाकर हार्दिक स्वागत किया एवं इस सफल मिशन के लिए उन्हें बधाई दी। 23 सितंबर को खंडवा से निकले अर्पित अग्रवाल ने 52 दिनों में लगभग 15000 किलोमीटर का सफर पूरा कर बांगलादेश होते हुए भारत पहुंचे। संभवत: प्रदेश के वे पहले युवा है जिन्होंने मोटरसाइकिल से इतनी लंबी यात्रा उत्साह के साथ पूर्ण की। अर्पित कुछ जगह भाषाई दिक्कतें आई लेकिन लोगों के व्यवहार और स्वागत सत्कार में कहीं कोई कमी नहीं दिखी। अर्पित अग्रवाल ने बताया कि दुनिया की सोच हिंदुस्तान के प्रति काफी पॉजिटिव है और वह लोग हिंदुस्तान को पसंद करते हैं। मुझे सफर के दौरान कुछ पाकिस्तानी लोग भी मिले जिन्होंने मेरे हौसले को सलाम किया और पाकिस्तान आने का न्योता भी दिया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि आज जब अर्पित अग्रवाल खंडवा लौटे तो शहर के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। जो लोग विदेशों में घूम कर आए हैं उनका भी यही कहना है कि मोटरसाइकिल से अकेले ही दुनिया की सैर करना अपने आप में एक कठिन सफर है लेकिन अर्पित ने अपने हौसले से इसे पूरा किया यह कमाल की बात है। शहर के लोगों को इस पर नाज है। स्वागत करते हुए आलोक सेठी ने कहा कि मैं भी लगभग 60 देशों की यात्रा कर चुका हूं लेकिन सारी बुकिंग और साधन व्यवस्थित होने के बावजूद भी दूसरे देश जाते समय मन के किसी कोने में छोटा सा डर जरूर रहता है लेकिन अर्पित के हौसले को मैं सलाम करता हूं जिन्होंने मोटरसाईकिल से इतनी कठिन यात्रा पूर्ण की। हम सब खंडवा वासियों के लिए यह गर्व की बात है कि हमारे बीच का एक जवान इतना बड़ा साहसिक कारनामा कर पूरे विश्व में अपने देश और अपने शहर का नाम रोशन कर आया है।
मोटरसाइकिल से पांच देशों की यात्रा कर लौटे अर्पित अग्रवाल हुआ जोरदार स्वागत, 52 दिनों में 15000 किमी यात्रा पूर्ण कर विदेशों में दिया भारतीय संस्कृति का संदेश