रोहतांग दर्रा के विकल्प रूप में उभर रहे स्नो प्वाइंट, रोहतांग में उमड़े सैलानी, तस्वीरों में देखें शानदार नजारा




न्यूज डेस्क, हायनपोस्ट लाइव- ताजा बर्फबारी के बाद मनाली का माल रोड सैलानियों के लिए रोहतांग का विकल्प बन कर उभरा है। सैलानी यहां आइस स्केटिंग का कर रोमांचित हो रहे हैं। माल रोड से सटे रामबाग में पर्यटक याक राइडिंग कर रहे हैं।



फोटोग्राफी के लिए बर्फ का गेट बनाया गया है। जिसमें बाकायदा तारीख और साल का उल्लेख होने पर सैलानी यादगार के लिए इसके नीचे फोटो खिंच रहे हैं। वहीं आलू ग्राउंड और रांगड़ी में ब्यास किनारे बने स्नो प्वाइंट पर सैलानी खूब मजा कर रहे हैं।



ताजा बर्फबारी के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए गुलाबा, मढ़ी और सोलंगनाला की ओर सैलानियों के जाने पर बंदिश लगा रखी है। लिहाजा बर्फबारी में मौज-मस्ती के प्लान के साथ सैलानियों ने इसका विकल्प निकाल कर मनाली में ही बर्फ पर इंज्वाय करना शुरू कर दिया है।



 



हिमाचल में चोटियां बर्फ से लकदक हैं। बर्फ के दीदार के लिए बड़ी संख्या में सैलानी मनाली, डलहौजी सहित अन्य पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 13050 फीट ऊंचे सैलानियों की सैरगाह रोहतांग में ताजा बर्फबारी के बाद दर्रा चांदी की तरह चमकने लगा है। 




नवविवाहित जोड़ों के साथ अब स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के ग्रुप मनाली आने लगे हैं। इससे मनाली के माल रोड के साथ मढ़ी, रोहतांग आदि पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की रौनक बढ़ गई है। हालांकि इन दिनों बर्फ का नजारा रोहतांग के दूसरे छोर लाहौल की ओर ही दिख रहा है। इसके बावजूद पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। 



पर्यटकों की संख्या बढ़ने से पर्यटन कारोबार भी अच्छा चल रहा है। चाय, कॉफी, मक्की, जूस और मैगी बेचने वाले से लेकर घोड़े वाले खूब चांदी कूट रहे हैं। इसकी खूब बिक्री हो रही है। इसके अलावा टैक्सी यूनियन भी गदगद है। यहां पहुंचने वाले लोगों को गर्म वस्त्रों की जरूरत भी रहती है। सैलानियों की भीड़ से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। रोहतांग में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन कारोबार में उछाल आया है। अब दिवाली पर उनकी नजर टिकी है और पर्यटन कारोबारी भी दिवाली की तैयारी में जुटे हैं।