कार्यक्रम में गीतों भरी प्रस्तुति देंगे रविन्द्र शिंदे, अर्पणा नगरकट्टी एवं सायली काम्बले
किशोरदा की पुण्यतिथि 13 अक्टूबर को समाधि पर होगा सुरमयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम
खंडवा- विश्व के महान गायक एवं हरफनमौला कलाकार किशोरदा की पुण्यतिथि 13 अक्टूबर को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी गीतों भरी पुष्पांजलि के साथ मनाई जाएगी। देश के किशोरदा पहले कलाकार है जिनकी याद में मप्र एवं निगम प्रशासन द्वारा लाखों रूपए की लागत से समाधि एवं करोड़ों रूपए का स्मारक किशोरदा की जन्मस्थली खंडवा में इंदौर रोड पर स्थित हैं। बड़ी संख्या में किशोरदा के जन्मदिवस 4 अगस्त एवं उनकी पुण्यतिथि 13 अक्टूबर को संगीत व किशोर प्रेमी आकर किशोरदा को दूध जलेबी का भोग लगाकर गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि देते हुए पुष्पांजलि अर्पित करते हैं। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पूर्व में खंडवा में सिर्फ एक पत्थर नुमा साधारण समाधि किशोरदा की बनी थी। किशोरप्रेमी एवं खंडवा के पूर्व विधायक स्व. हुकुमचंद यादव व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के प्रयासों एवं उनके द्वारा दी गई राशि से किशोरदा की समाधि का सौंदर्यीकरण हुआ। वहीं जनप्रतिनिधियों की मांग पर 50 लाख की लागत से पूर्व सरकार के मुखिया शिवराजसिंह चौहान के द्वारा समाधि के निर्माण के साथ एक करोड़ रूपए की लागत से एक भव्य स्मारक का निर्माण कराया गया। सुनील जैन ने बताया कि 4 अगस्त को उनके जन्मदिवस पर जहां किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जा कर वाईस आफ खंडवा बैंक आफ इंडिया गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है वहीं 13 अक्टूबर किशोरदा की पुण्य तिथि पर मप्र सरकार, संस्कृति विभाग एवं राष्ट्रीय किशोर अलंकरण समारोह आयोजित किया जाकर फिल्म क्षेत्र में कार्य करने वाली बड़ी हस्ती को सम्मानित कर किशोर सम्मान से नवाजा जाता है एवं दो लाख रूपए की राशि के साथ तांब्र पत्र, स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया जाता है। पिछले वर्ष चुनाव की आचार संहिता के कारण यह कार्यक्रम स्थगित हो गया था। इस वर्ष 13 अक्टूबर को प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री वहीदा रहमान एवं सुप्रतिष्ठित फिल्म निर्माता-निर्देशक प्रियदर्शन को राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उम्र के चलते वहीदा रहमान को संस्कृति विभाग द्वारा मुंबई में ही पुरस्कृत किया जाएगा वहीं मप्र शासन सांस्कृतिक विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह शाम 7.30 बजे पुलिस ग्राउंड खंडवा में आयोजित होगा जिसमें निर्माता निर्देशक प्रियर्दशन को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सुगम संगीत का भी आयोजित होगा जिसमें किशोरदा के यादगार गीतों के जानेमाने गायक मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार रविन्द्र शिंदे एवं गायिका अर्पणा नगरकट्टी व सायली काम्बले अपने 16 कलाकारों के म्यूजिक ग्रुप के साथ गीतों की शानदार प्रस्तुति देंगे। आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार की संस्कृति मंत्री विजयलक्ष्मी साधौ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित होंगे। 13 अक्टूबर किशोरदा की पुण्यतिथि पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच एवं नगर निगम प्रशासन की ओर से किशोर समाधि स्थल पर प्रात: 9 से 12 बजे तक दूध जलेबी का भोग लगाकर गीतों भरी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा।