करवा चौथ व्रत- जब सैंकडों महिलाओं ने एकसाथ निहारा चांद को


बालाजीपुरम में सामूहिक करवा चौथ का अभिनव आयोजन 


बैतूल- गुरुवार को बालाजीपुरम में सामूहिक करवा चौथ का अभिनव आयोजन हुआ और इसमें सैकड़ों जोड़ों ने एक साथ चंद्रमा को अर्ध्य  अर्पित कर अपना व्रत पूर्ण किया। 



भारत के पांचवे के धाम श्री रुक्मणी बालाजी मंदिर बालाजीपुरम, बैतूल में गुरुवार को सामूहिक करवा चौथ का आयोजन किया गया। इसमें बैतूल जिले के अलावा आसपास के जिलों और अन्य प्रदेशों से भी काफी संख्या में दंपत्ति शामिल हुए। सामूहिक करवा चौथ का आरंभ सायंकाल 6 बजे भगवान बालाजी की संध्या आरती के साथ आरंभ हुआ। इसके बाद सभी दंपत्ति मुख्य बालाजी बगिया में पहुंचे और यहां ठीक 7 बजे से शंखनाद के साथ करवा पूजन आरंभ हुआ। बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा और उनकी पत्नी श्रीमती जयदेवी वर्मा ने सभी को करवा चौथ व्रत की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद अहमदाबाद से आए पंडित जी ने मुख्य पूजन आरंभ किया। करीब 8 बजे तक पूजन और आरती संपन्न हुई। इसके बाद चंद्रोदय के साथ ही चंद्रमा को सभी महिलाओं ने अर्ध्य अर्पित किया। अर्ध्य अर्पण के बाद पति की आरती उतारकर पूजा की गई। सभी महिलाओं ने अपने करवा पात्र का विसर्जन किया। इसके साथ ही सभी को बालाजीपुरम प्रबंधन की ओर से पूजित दीपक उपहार शुरू दिए गए। इन दीपों से दीपावली के समय मां लक्ष्मी की पूजा करने से विशेष सुख शांति समृद्धि मिलने की कामना की गई। पूजन आदि के बाद  एक ही थाली में पति-पत्नी को एकसाथ भोजन कराया गया। यहां पर पति ने भोजन का प्रथम ग्रास पत्नी को खिलाकर उनका व्रत संपन्न कराया। इसके साथ ही अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी भंडारा आदि भी चलता रहा।