खण्डवा-राष्ट्रीय कुश्ती स्पर्धा में अनेरी को मिला कांस्य पदक 

खंडवा- कुश्ती के क्षेत्र में जिले का नाम देश ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना जाने लगा है। कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए जिला कुश्ती संघ के सचिव रघुनाथ पांजरे पूरी शिद्दत से लगे हुए है। श्री पांजरे के मार्गदर्शन में जिले के कई पुरूष व महिला पहलवान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर खंडवा का नाम देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं। कुश्ती के खेल में महिलाओं की भागीदारी होने से जिले की बेटियां भी इस खेल में महारत हासिल करते हुए अपना वर्चस्व स्थापित कर रही हैं। खंडवा की बेटी अनेरी ऋषि सोनकर ने अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त कर महिला पहलवानों के हौसलों को उड़ान दी है। अनेरी सतत 2 वर्षों से राष्ट्रीय अंडर-23 वर्ष कुश्ती स्पर्धा में कांस्य पदक जीत रही हैं। गत वर्ष भी चित्तौडग़ढ़ राजस्थान में कांस्य पदक जीता था। 28 सितंबर को शिरडी महाराष्ट्र में आयोजित टाटा मोटर सेकंड अंडर-23 फ्री स्टाईल, ग्रीको रोमन वूमेन नेशनल कुश्ती स्पर्धा में अनेरी ने अपने प्रतिद्वंदी पहलवान को धूल चटाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। शिर्डी में कांस्य पदक जीतने पर वहां मौजूद भारतीय कुश्ती संघ अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए अनेरी की हौसला अफजाई की।

अनेरी की उपलब्धि पर क्षेत्रीय सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, विधायक देवेंद्र वर्मा, महापौर सुभाष कोठारी, कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल, एसपी शिवदयाल सिंह, जिला पंचायत सीईओ रोशन सिंह, मंगल यादव, रघुनाथ पांजरे, समाजसेवी सुनील जैन सहित हीरालाल यादव, पन्ना यादव, धर्मेंद्र पांजरे, जगदीश पटेल एवं समस्त जिला कुश्ती संघ के पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की। 


उल्लेखनीय हैं कि कुश्ती महासंघ, भारत के तत्वाधान में टाटा मोटर्स द्वारा प्रायोजित दूसरी 23 वर्ष से कम आयु वर्ग की फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन और महिलाओं की राष्ट्रीय कुश्ती चेम्पियनशिप 26 सितम्बर से 29 सितंबर 2019 तक शिर्डी जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र)में संपन्न हुई।
खण्डवा की पहलवान कु अनेरी सोनकर ने महिला कुश्ती के 72 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीतकर मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया।
कु अनेरी मध्य रेल के खण्डवा स्टेशन पर उपमुख्य टिकट निरीक्षक के पद पर कार्यरत श्री ऋषि कुमार सोनकर जो स्वयं एक मशहूर पहलवान रह चुके हैं, की पुत्री है।
अनेरी की इस उपलब्धि पर सभी कुश्ती प्रेमियों ने बधाई दी।