खण्डवा-बारिश रोकने के लिए महिलाएं करेगी जलदेवी की पूजा
 

नागचुन तालाब स्थित जलदेवी मन्दिर पर महिलाएं करेगी पूजा

 

खण्डवा- लगातार बारिश की वजह से मध्यप्रदेश व खंडवा जिले में अधिकांश इलाकों में लोगों का घर से निकलना भी दुश्वार हो गया है। बारिश की वजह से कुछ दिनों से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बारिश से सभी बेहाल है। लगातार हो रही वर्षा के कारण ना तो कारोबारियों के लिए व्यापार करना संभव हो पा रहा है और ना ही आम लोग घर से निकल कर अपना काम कर पा रहे हैं। भारी बारिश के कारण किसानों की खेती भी प्रभावित हो रही है। खण्डवा शहर में 81 इंच व जिले में पिछले वर्ष 33.3 इंच बारिश हुई थी इस मान से अभी तक 11 इंच बारिश अधिक हुई है। अत: बारिश को रोकने के लिए शुक्रवार 3 बजे खंडवा के नागचुन तालाब स्थित जल देवी के मंदिर पर महिलाएं पूजा अर्चना कर बारिश रोकने की प्रार्थना जलदेवी से करेगी। जानकारी देते हुए लायंस के नारायण बाहेती ने बताया कि वरिष्ठजनों के मतानुसार खंडवा में पांच दशक पूर्व अकाल एवं सूखा पडऩे पर नागचुन तालाब पर जलदेवी की स्थापना की गई थी। जिसमें महिला संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मन्दिर में अच्छी वर्षा के लिए प्रार्थना की जाती है। वहीं इस वर्ष सामान्य से अधिक वर्षा होने से जलदेवी से वर्षा रोकने व आने वाले वर्ष में अच्छी वर्षा की प्रार्थना की जावेगी। लायनेस क्लब खंडवा द्वारा पास्ट डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट अणिमा उबेजा एवं समाजसेवी प्रियंका मालवीया के आतिथ्य में लायनेस क्लब खंडवा अध्यक्ष रेखा रामस्नेही ने खंडवा की लायनेस क्लब, ब्रजनगर महिला मंडल, मंगलम महिला मंडल, वनिता विश्व, प्रेरणा महिला, ब्यूटीफुल महिला, इनरव्हील क्लब, अग्रवाल महिला, गंगराड़े, जैन महिला, माहेश्वरी महिला, सखी सहेली महिला मंडल सभी महिला पार्षद, सभी महिला संगठनों एवं जागरूक महिलाओं के साथ ही कलेक्टर तन्वी सुंद्रियाल से आयोजित बारिश रोकने हेतु शुक्रवार 27 सितम्बर दोपहर 3 बजे विशेष प्रार्थना एवं पूजन आयोजन में उपस्थित होने का निवेदन किया है।